नई दिल्ली। लंबे इंतजार के बाद भारत सरकार ने ऑटो बाजार में क्वॉड्रिसाइकिल की बिक्री अप्रूव कर दी है। आपको बता दें कि, मेड इन इंडिया बजाज क्यूट क्वॉड्रिसाइकिल को अभी तक अंतरराष्ट्रीय बाजारों में एक्सपोर्ट किया जा रहा था। लेकिन अब से यह भारत में भी बिकेगी। इसे यहां बतौर कमर्शल वीइकल बेचा जाएगा। साल के अंत तक इसे भारत लॉन्च कर दिया जाएगा। बजाज क्यूट के सीएनजी मॉडल की तस्वीरें जैसे ही सोशल मीडिया पर डाली गई, लोगों को ये कार खुब पसंद आई।
बजाज क्यूट का यह सीएनजी वर्जन, रेग्युलर क्यूट जैसा ही है। इसमें केवल बॉडी पेंट, ग्रीन है। इसके साथ ही इसमें सीएनजी स्टिकर भी है, ताकि इसे अलग दिखाया जा सके। यह पहली बार है, जब बजाज क्यूट सीएनजी को भारत में देखा गया है। इसमें 216 सीसी, लिक्विड कूल्ड, सिंगल सिलेंडर इंजन दिया गया है। यह क्वॉड्रिसाइकिल एलपीजी में भी आएगी।
सीएनजी वर्जन की टैंक क्षमता का खुलासा अभी नहीं हो सका है। पेट्रोल के साथ, इसका इंजन 13.5 बीएचपी का पावर और 20.6 न्यूटन मीटर का पीक टॉर्क जेनरेट कर सकता है। ऐसा मुमकिन है कि सीएनजी वेरियंट में भी यही फिगर्स रहें। बजाज, क्यूट का इलेक्ट्रिक वेरियंट भी लाने की योजना बना रही है।
यह गाड़ी ऑटो रिक्शों को रिप्लेस कर सकती है। इसमें चार लोगों के बैठने की व्यवस्था है, साथ ही साथ इसमें चारों तरफ दरवाजे भी दिए गए है। ऐसे में यह तिपहिया ऑटो रिक्शों के मुकाबले कहीं अधिक सेफ है। बजाज इसे 1.5 लाख रुपये के रेंज में लॉन्च कर सकती है। इसे प्राइवेट कार खरीदारों को नहीं बेचा जाएगा।